मीरजापुर : विधानसभा चुनाव की तैयारी में लापरवाही पर सख्ती, दो दिन में कार्मिकों की फीडिंग नहीं तो नवंबर का वेतन रुकेगा

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : विधानसभा चुनाव की तैयारी में लापरवाही पर सख्ती, दो दिन में कार्मिकों की फीडिंग नहीं तो नवंबर का वेतन रुकेगा


- 550 कार्यालयों में से सिर्फ 305 ने जमा किया प्रपत्र-एक, सीडीओ ने जताई कड़ी नाराजगी

- सभी विभागाध्यक्षों को दो दिन का अल्टीमेटम, निर्धारित अवधि में फीडिंग पूरी करने के निर्देश

मीरजापुर, 28 नवम्बर (हि.स.)। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों में लापरवाही बरतने वाले विभागाध्यक्षों पर अब वेतन रोकने की कार्रवाई होगी। मतदान कार्मिकों का डेटाबेस तैयार करने के लिए मांगी गई सूचना में सुस्ती पर मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। जिले के 550 कार्यालयों में से अब तक सिर्फ 305 ने ही प्रपत्र-1 उपलब्ध कराया है। शेष 245 कार्यालयों की ओर से सूचना नहीं दिए जाने पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। निर्धारित अवधि में प्रपत्र-1, 2 और 3 की फीडिंग पूरी नहीं कराने वाले कार्यालयाध्यक्षों का नवंबर का वेतन अवरुद्ध कर दिया जाएगा।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ की अध्यक्षता में सभी विभागाध्यक्षों की बैठक हुई। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कार्मिकों का डेटाबेस तैयार करने और आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने की समीक्षा की गई। समीक्षा में सूचना उपलब्ध कराने की धीमी रफ्तार सामने आने पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिया कि दो दिवस के भीतर सभी सूचनाएं जिला सूचना विज्ञान अधिकारी कार्यालय (एनआईसी) को उपलब्ध करा दें।

सीडीओ ने मुख्य कोषाधिकारी को निर्देशित किया कि निर्धारित समय सीमा में प्रपत्र-1, 2 और 3 की सूचना उपलब्ध नहीं कराने वाले कार्यालयाध्यक्षों का नवंबर 2026 का वेतन रोक दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अभिषेक श्रीवास्तव ने बैठक में प्रपत्र-2 और 3 भरने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी, ताकि विभागों को सूचना भेजने में कोई तकनीकी दिक्कत न हो।

केंद्रीय से लेकर राज्य के कई विभागों की सूचना लंबित

समीक्षा में आयकर, डाक, रक्षा मंत्रालय, भारतीय खाद्य निगम, बीएसएनएल, केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, एनसीसी, विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंक, एलआइसी, बीमा कंपनियों सहित कई केंद्रीय कार्यालयों की सूचना लंबित मिली। इसके अलावा वन, कृषि, उद्यान, पर्यटन, श्रम, न्याय, वित्त, समाज कल्याण, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, होमगार्ड, परिवहन निगम, सेतु निगम और विभिन्न राज्य स्तरीय विभागों को भी प्रपत्र-1 उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अभिषेक श्रीवास्तव, उप निदेशक कृषि विकेश पटेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784915 Articles

Share this story