मीरजापुरः मवैया के आशीष ने रचा इतिहास, अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में जीता रजत

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुरः मवैया के आशीष ने रचा इतिहास, अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में जीता रजत


मीरजापुर, 09 अगस्त (हि.स.)। कोन विकासखंड के मवैया गांव के रहने वाले 19 वर्षीय जैवलिन थ्रोअर आशीष यादव ने अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर मीरजापुर का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया। आशीष ने पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में 74.09 मीटर का थ्रो कर दूसरा स्थान हासिल किया।

चैंपियनशिप के तीसरे दिन शनिवार को हुए फाइनल में आशीष ने अपने तीसरे प्रयास में 74.09 मीटर भाला फेंका, जो उन्हें रजत पदक दिलाने के लिए पर्याप्त रहा। इसी स्पर्धा में भारत के दूसरे खिलाड़ी टी. धरणीधरन 72.35 मीटर के प्रदर्शन के साथ छठे स्थान पर रहे।

आशीष की इस उपलब्धि को इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि वह नीरज चोपड़ा के बाद अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय बने हैं।

गांव के मैदान से विश्व मंच तक पहुंचा आशीष

आशीष यादव का जन्म 11 अप्रैल 2007 को एक साधारण परिवार में हुआ। उन्होंने अपने खेल करियर की शुरुआत गांव के पास स्थित चिकवा ग्राउंड से की। घरेलू प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश और आर्मी का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने लगातार बेहतर प्रदर्शन किया।

मार्च 2026 में पटियाला में आयोजित इंडियन ओपन थ्रो प्रतियोगिता में आशीष ने अंडर-20 वर्ग का खिताब जीता था। इस दौरान उन्होंने 74.49 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसके बाद लुधियाना में इंडियन एथलेटिक्स सीरीज में 72.27 मीटर थ्रो के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। तुमकुरु में नेशनल जूनियर अंडर-20 एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में 73.12 मीटर के प्रदर्शन के साथ उन्होंने रजत पदक जीता था।

12 अगस्त का इंतजार कर रहा पूरा गांव

विश्व मंच पर आशीष की इस शानदार उपलब्धि के बाद मवैया गांव में जश्न का माहौल है। पिता अजय यादव, माता गुड्डी देवी और गोल्ड मेडलिस्ट चाची मुन्नी देवी समेत पूरा गांव अब 12 अगस्त का इंतजार कर रहा है। इसी दिन आशीष के गांव लौटने की उम्मीद है। ग्रामीण अपने लाल के स्वागत को लेकर उत्साहित हैं और उसकी उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बता रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story