आशा कार्यकर्ताओं ने मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा 10 सूत्रीय ज्ञापन
मीरजापुर, 09 जुलाई (हि.स.)। विभिन्न मांगों को लेकर आशा एवं आशा संगिनी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और नगर मजिस्ट्रेट के बीच कुछ समय के लिए तीखी नोक-झोंक भी हुई।
धरने के दौरान नगर मजिस्ट्रेट ने आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में जिले की रैंकिंग 75वें स्थान पर होने का एक कारण कार्यों में अपेक्षित प्रगति का अभाव है। इस टिप्पणी पर आशा कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया, जिससे कुछ देर तक माहौल गर्म रहा।
आशा कर्मचारी संगठन की राष्ट्रीय संगठन मंत्री हेमलता ने नगर मजिस्ट्रेट के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि आशा एवं आशा संगिनी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थागत कमियों और भ्रष्टाचार के लिए आशा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत देशभर में लगभग 11 लाख आशा एवं आशा संगिनी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता जागरूकता तथा विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित वेतन के स्थान पर केवल प्रोत्साहन राशि दी जाती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में घोषित प्रोत्साहन राशि वृद्धि का लाभ भी अधिकांश कार्यों में अब तक नहीं मिल सका है।
प्रदर्शन के उपरांत संगठन की जिलाध्यक्ष रेखा सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित 10 सूत्रीय ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में आशा एवं आशा संगिनी को राज्य कर्मचारी का दर्जा देते हुए क्रमशः 18 हजार और 24 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय, कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ), कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई), आशा संगिनी को पर्यवेक्षक का दर्जा, 5जी मोबाइल अथवा टैबलेट, 10 लाख रुपये का बीमा, सेवानिवृत्ति लाभ, विद्युत चालित स्कूटी अथवा यात्रा भत्ता, आवास योजना का लाभ, श्रमयोगी मानधन योजना की आयु सीमा 60 वर्ष तक करने तथा आयुष्मान भारत योजना का लाभ परिवार सहित उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील भी की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

