नवरात्र से पहले नहीं सुधरी व्यवस्था, गंदे नाले के पानी से होकर गुजरेंगे श्रद्धालु
- अदलपुरा शीतला धाम के मुख्य मार्ग पर बह रहा गंदा पानी, जगह-जगह गिट्टी छोड़ने से भी बढ़ी परेशानी
मीरजापुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। चुनार क्षेत्र के प्रसिद्ध अदलपुरा शीतला धाम में शारदीय नवरात्र के दौरान मां शीतला का दर्शन-पूजन करने आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के सामने इस बार भी गंदगी और बदहाल रास्ते की समस्या खड़ी है। धाम तक जाने वाले मुख्य मार्ग पर नाली का गंदा पानी बह रहा है। सड़क पर जगह-जगह गिट्टी डालकर छोड़ दी गई है। नवरात्र से पहले व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से स्थानीय लोगों और दुकानदारों में नाराजगी है।
अदलपुरा राजमार्ग-74 से मंदिर तक जाने वाली सड़क के किनारे बनी नालियों की सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है। इसी रास्ते से श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए और दंडवत करते हुए मां के दरबार तक पहुंचते हैं। सड़क पर बहते गंदे पानी और उससे उठती दुर्गंध के कारण राहगीरों के साथ आसपास के दुकानदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी विजय साहनी और चंदन साहनी ने बताया कि नाले की सफाई और मरम्मत के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया। अदलपुरा पुलिस चौकी में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में भी यह समस्या उठाई गई थी, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि हर साल नवरात्र से पहले सफाई और व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया जाता है, मगर स्थिति जस की तस बनी रहती है।
अदलपुरा शीतला धाम पूर्वांचल का प्रसिद्ध शक्तिपीठ है। नवरात्र में यहां मीरजापुर के अलावा वाराणसी, भदोही, जौनपुर, चंदौली और सोनभद्र सहित मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और राजस्थान से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि समय रहते सड़क की मरम्मत और नाली की सफाई नहीं हुई तो मेले के दौरान श्रद्धालुओं को काफी दिक्कत होगी। उन्होंने जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी चुनार से नवरात्र शुरू होने से पहले रास्ते की मरम्मत और नालियों की सफाई कराने की मांग की है।
दंडवत करने वाले श्रद्धालुओं के सामने भी संकट
अदलपुरा शीतला धाम में नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए और दंडवत कर मां के दरबार पहुंचते हैं। मंदिर के मुख्य मार्ग पर नाली का गंदा पानी बहने और जगह-जगह गिट्टी बिखरी होने से उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। गंदे पानी से उठती दुर्गंध से राहगीरों और दुकानदारों को भी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवरात्र में भीड़ बढ़ने पर समस्या और गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मेला शुरू होने से पहले सफाई और सड़क मरम्मत कराने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

