शस्त्र विक्रेताओं ने समस्याओं को लेकर एमएलसी को सौपा ज्ञापन
शस्त्र विक्रेताओं ने समस्याओं को लेकर एमएलसी को सौपा
फर्रुखाबाद, 24 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में शस्त्र विक्रेताओं ने पंप-एक्शन शॉटगन (एसबीबीएल बंदूक) के रजिस्ट्रेशन को लेकर बड़ा मुद्दा उठाया है। व्यापारियों ने शुक्रवार काे विधान परिषद सदस्य को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि जिले में भी पंप-एक्शन शॉटगन के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कराई जाए, जिससे व्यापार और रोजगार दोनों को राहत मिल सके।
ज्ञापन में व्यापारियों ने साफ कहा है कि प्रदेश के अन्य जिलों में पंप-एक्शन शॉटगन का पंजीकरण हो रहा है, लेकिन फर्रुखाबाद में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। इससे स्थानीय दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और हथियारों की बिक्री प्रभावित हो रही है।
व्यापारियों ने यह भी तर्क दिया कि रजिस्ट्रेशन न होने से सरकार को भी राजस्व हानि हो रही है। बिक्री न होने की स्थिति में जीएसटी का संग्रह नहीं हो पा रहा। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि पंप-एक्शन शॉटगन की मांग बढ़ रही है और इसके अभाव में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सीमित हो रहे हैं।
ज्ञापन में एमएलसी से अनुरोध किया गया है कि इस मांग को प्रशासन तक पहुंचाकर जल्द से जल्द पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कराई जाए, ताकि व्यापारियों को राहत मिल सके और सरकारी राजस्व में भी बढ़ोतरी हो। यह मामला केवल हथियार व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें राजस्व, रोजगार और प्रशासनिक नीति तीनों जुड़े हुए हैं। इस मौके पर नारायण आर्मस्टोर के मालिक सुनील गुप्ता,बंटी सरदार सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
----------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

