अपना दल (एस) की समीक्षा बैठक में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
अपना दल (एस) की समीक्षा बैठक में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर


मीरजापुर, 10 जुलाई (हि.स.)। अपना दल (एस) की विधानसभा स्तरीय समीक्षा बैठक शुक्रवार को हलिया स्थित जिला सचिव विकास सोनकर के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी की प्रभारी मंत्री रेखा वर्मा तथा क्षेत्रीय विधायक रिंकी कोल मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष चंद्रपाल ने तथा संचालन युवा प्रदेश सचिव शशिकांत सिंह पटेल ने किया।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने तथा आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रभारी मंत्री रेखा वर्मा ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और एकजुटता पर निर्भर करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने घरों पर पार्टी का झंडा और नाम पट्टिका लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे संगठन की पहचान और विचारधारा अधिक लोगों तक पहुंचेगी।

बैठक के उपरांत मीरजापुर की सांसद एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के निर्देश पर चलाए जा रहे संगठनात्मक अभियान के तहत प्रभारी मंत्री रेखा वर्मा और विधायक रिंकी कोल ने युवा प्रदेश सचिव शशिकांत सिंह पटेल के आवास पर पार्टी का झंडा लगाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी अपने घरों पर पार्टी का झंडा एवं नाम पट्टिका लगाकर संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला सचिव विकास सोनकर, जिला पंचायत सदस्य दिलीप सिंह पटेल सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

------------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story