जर्जर भवन में कार्यालय शिफ्टिंग पर बवाल, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने किया विरोध

WhatsApp Channel Join Now
जर्जर भवन में कार्यालय शिफ्टिंग पर बवाल, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने किया विरोध


मीरजापुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में हलिया विकासखंड में बाल पुष्टाहार कार्यालय को जर्जर भवन में शिफ्ट किए जाने के फैसले पर मंगलवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का आक्रोश फूट पड़ा है। कार्यकत्रियों ने इसे अव्यवहारिक और असुरक्षित बताते हुए कड़ा विरोध जताया है।

जानकारी के अनुसार, पूर्व में खाद-बीज गोदाम के रूप में इस्तेमाल हो चुके भटवारी स्थित भवन में आंगनबाड़ी कार्यालय स्थानांतरित किया जा रहा है। कार्यकत्रियों का कहना है कि जहां कार्यालय शिफ्ट किया जा रहा है वह भवन पूरी तरह जर्जर है और वहां तक पहुंचने के लिए हलिया बाजार से करीब दो किलोमीटर पैदल जाना पड़ता है। वहां कोई साधन भी उपलब्ध नहीं है, जिससे बैठक और पोषाहार से जुड़े कार्यों में दिक्कत होगी।

उन्होंने यह भी आशंका जताई कि ब्लॉक परिसर में चकबंदी न्यायालय संचालित होने से पुरुषों की अधिक आवाजाही रहती है, जो सुरक्षा की दृष्टि से भी ठीक नहीं है। ऐसे में कार्य करना चुनौतीपूर्ण हो जाएगा।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि कार्यालय को पूर्व स्थान पर ही संचालित किया जाए।

सीडीपीओ दिलीप वर्मा ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्यालय को ब्लॉक परिसर में शिफ्ट किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story