31 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र, विधायक बोले- महिला सशक्तीकरण की मजबूत पहल
मीरजापुर, 28 जुलाई (हि.स.)। विकासखंड कोन के सभागार में मंगलवार को बाल विकास परियोजना के तहत चयनित 31 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में नगर विधायक रत्नाकर मिश्र और समाजसेवी अनिल कुमार सिंह ने चयनित सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्हें जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने का आह्वान किया।
बाल विकास परियोजना कोन के अंतर्गत कुल 32 आंगनबाड़ी सहायिकाओं का चयन किया गया था। इनमें से 31 को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया, जबकि मनौवा गांव की एक चयनित सहायिका के विरुद्ध शिकायत प्राप्त होने के कारण बाल विकास परियोजना अधिकारी ने उसका नियुक्ति पत्र अग्रिम आदेश तक रोक दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी सहायिकाओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने महिलाओं के लिए सरकारी सेवाओं में आरक्षण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं समाज के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
समाजसेवी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि यह नियुक्ति महिलाओं के आत्मविश्वास और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी शैलेंद्र सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी ज्योतिमा सिंह, एडीओ आईएसबी राजेश सिंह, रविंद्र जायसवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य विनोद कुमार पांडे, सुरेश सोनकर, संदीप सिंह, अजय सोनकर सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

