छानवे में तीन आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण, विधायक ने किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
छानवे में तीन आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण, विधायक ने किया उद्घाटन


मीरजापुर, 30 मार्च (हि.स.)। छानवे क्षेत्र में सोमवार को मुख्यमंत्री प्रेरणा कार्यक्रम के तहत तीन आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया। हलिया ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में छानवे विधायक (अपना दल एस) रिंकी कोल ने दीप प्रज्ज्वलित कर भिटहा, कनोखर और गोरगी गांव में बने आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर विधायक रिंकी कोल ने कहा कि सरकार नारी सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री द्वारा महिलाओं को घर की मुखिया बनाकर उन्हें सम्मान दिया गया है। उन्होंने कहा कि बदलते भारत में महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लघु उद्योग से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं, जो समाज के लिए सकारात्मक संकेत है।

खंड विकास अधिकारी विजय शंकर त्रिपाठी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा आकांक्षी विकासखंडों को बेहतर और सशक्त बनाना है। स्मार्टफोन के माध्यम से पोषण ट्रैकर का उपयोग आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की पहचान बन चुका है और उनके कार्यों से ही उनकी भूमिका परिलक्षित होती है।

सीडीपीओ दिलीप वर्मा ने सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मातृत्व योजना जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को बच्चों के समग्र विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में एडीओ पंचायत रूपेश श्रीवास्तव, नरेंद्र काना पुरिया, सीएम फेलो गौरव सिंह, गुलाब पटेल सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story