मीरजापुरः अंबेडकर प्रतिमा तोड़े जाने से आक्रोश, कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुरः अंबेडकर प्रतिमा तोड़े जाने से आक्रोश, कार्रवाई की मांग


मीरजापुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के महोगढ़ी ग्राम पंचायत के चकभैसोड़ गांव में बुधवार शाम अराजकतत्वों ने अंबेडकर पार्क में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और प्रतिमा की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार शाम करीब चार बजे प्रतिमा तोड़े जाने की जानकारी मिली। सूचना पर ड्रमंडगंज थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार और उपनिरीक्षक पुनीत गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।

ग्राम प्रशासक सुरेश केशरी भी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने पर दुख जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, पूर्व विधायक सूर्यभान ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर घटना पर रोष जताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वालों को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story