सपा सरकार बनने पर लोकतंत्र सेनानियों को मिलेगी 51 हजार की सम्मान राशि : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
सपा सरकार बनने पर लोकतंत्र सेनानियों को मिलेगी 51 हजार की सम्मान राशि : अखिलेश यादव


लखनऊ, 01 अक्टूबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को लोकतंत्र सेनानियों से राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में मुलाकात कर उनका स्वागत और सम्मान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और अनुभवों से मिले सुझावों को सपा सरकार बनने पर लागू किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि सपा की सरकार बनने पर लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान राशि बढ़ाकर 51 हजार रुपये प्रतिमाह की जाएगी।

अखिलेश यादव यहां पत्रकार वार्ता कर रहे थे। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के इलाज और दवाओं की सुविधा सरकारी अस्पतालों में निशुल्क उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही ट्रेन और बस यात्रा से जुड़ी उनकी मांगों को भी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज भी ऐसा दौर है, जिसमें महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर हैं। उन्होंने कहा कि, जिस काल में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पर अत्याचार होगा, वो हर काल आपातकाल होगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि गोरखपुर में जलभराव की तस्वीर या वीडियो बनाने पर भी कार्रवाई की जा रही है। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में लंबे समय से एक ही दल की सरकार है लेकिन लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा माइक्रोस्कोप से भी प्रबंधन कर ले, तब भी हार जाएगी। अखिलेश ने सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि, इस सरकार में सच्चे साधु बहुत अपमानित हुए, न्याय नहीं मिला। पुलिस पर भरोसा नहीं किया जा सकता। पुलिस भाजपा के कार्यकर्ता बनकर काम कर रही है।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पर तंज कसते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि, डिप्टी सीएम को ई-रिक्शा बुक कर लेना चाहिए। ये वो डिप्टी सीएम हैं, जिन्होंने अस्पतालों को ही बीमार कर दिया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि अब भाजपा पर भरोसा नहीं रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story