पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक ने लंबित विधिक मामलों को लेकर की बैठक, कहा- जल्द कराएं निस्तारण
वाराणसी, 08 अगस्त(हि. स.)। वाराणसी में पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद शुक्ला ने शनिवार को रेलवे के लंबित विधिक मामलों को लेकर एक बैठक की। बैठक में उन्हाेंने कहा कि रेलवे की जमीन पर कब्जा करने वालों को हटाया जाना जरूरी है। उनसे जुड़े मुआवजे को लेकर रेलवे पहल करेगा, जिससे कब्जा संबंधित मामले को समाप्त किया जा सके।
भारतेंदु सभागार में मंडलीय अधिकारियों के साथ अपर महाप्रबंधक ने बैठक करते हुए कहा कि न्यायालय में विचाराधीन लंबित मामलों को जल्द से जल्द निस्तारण करने के लिए अपनी ओर से पहल करनी है। इसमें ठेकेदारों के विवादों जैसे मामलों को निस्तारित करने के लिए उनकी समक्ष अपनी बातों को रखते हुए निस्तारण का अपना प्रयास तेज करना है।
बैठक में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल अभियंता प्रथम शैलेंद्र सिंह, वरिष्ठ मंडल अभियंता द्वितीय विनीत कुमार सहित प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

