सहारनपुर: काेर्ट के आदेश पर प्रशासन ने अवैध निर्माण हटाना शुरू किया, सपा सांसद इकरा हसन हाउस अरेस्ट

WhatsApp Channel Join Now
सहारनपुर: काेर्ट के आदेश पर प्रशासन ने अवैध निर्माण हटाना शुरू किया, सपा सांसद इकरा हसन हाउस अरेस्ट


सहारानपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बनी एक अवैध मस्जिद को शनिवार तड़के जिला प्रशासन ने हटाना शुरू कर दिया है। इस दौरान भारी संख्या में फोर्स तैनात किया गया है। वहीं, सांसद इकरा हसन जब मौके पर जाने लगी तो प्रशासन ने उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया है।

सहारनपुर के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अभिषेक सिंह ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। जिला जज की अदालत ने दो सितंबर को मस्जिद पक्ष की अपील खारिज करते हुए सरकारी जमीन पर बना अवैध निर्माण माना था। मस्जिद पक्ष इस मामले में कोर्ट गया था, लेकिन कोर्ट ने उनकी अपील को खारिज करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट के 16 जुलाई के आदेश को बरकरार रखा था।

बीती रात शुक्रवार को यह अफवाह फैल गई कि प्रशासन मस्जिद को गिराने जा रहा है। इसके बाद भारी भीड़ जुट गई थी। इसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने वहां से सभी को हटवाया। इसके बाद शनिवार भोर पहर में प्रशासन ने अवैध निर्माण को हटाना शुरू कर दिया। इस दौरान कलेक्ट्रेट के सभी गेट बंद कर भारी फोर्स को तैनात कर दिया गया।

वहीं, सांसद इकरा हसन जब कलेक्ट्रेट स्थल के लिए रवाना होने लगीं तो उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया गया। इस दौरान उनकी पुलिस से बहस भी हुई। हालांकि पुलिस बल के साथ तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। वहीं, इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की सियासत में एक बार फिर हलचल मच गई है। तमाम राजनैतिक दलों ने इस कार्रवाई को लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story