टीजीटी परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
- 3 और 4 जून को दो पालियों में होगी प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक परीक्षा
- परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, पुलिस बल, ड्रोन निगरानी और मेडिकल टीम की रहेगी व्यवस्था
मीरजापुर, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा को सकुशल एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मजिस्ट्रेटों एवं केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि टीजीटी परीक्षा 3 एवं 4 जून को दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक संचालित की जाएगी। जिले में बनाए गए सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं पारदर्शिता के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा प्रारंभ होने से लेकर समाप्ति तक केंद्रों पर भ्रमणशील रहेंगे और शांति व्यवस्था बनाए रखेंगे। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सुबह छह बजे तक अपने-अपने केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होंगे। परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच करने तथा परीक्षा से पहले और बाद में ड्यूटी कर्मियों की समूह फोटो एवं वीडियो सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, बैग, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। केंद्र व्यवस्थापकों को प्रवेश द्वार पर सामान रखने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को परीक्षा केंद्रों के आसपास एंबुलेंस एवं चिकित्सा टीम तैनात करने, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने तथा रोडवेज अधिकारियों को परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं पुलिस विभाग को परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण तथा धारा 163 का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

