मीरजापुर : लहुरियादह में पेयजल आपूर्ति की हकीकत परखने पहुंचे एडीएम, ग्रामीणों से लिया फीडबैक

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : लहुरियादह में पेयजल आपूर्ति की हकीकत परखने पहुंचे एडीएम, ग्रामीणों से लिया फीडबैक


- हर घर जल योजना का किया निरीक्षण, रोस्टर के अनुसार नियमित आपूर्ति और लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

मीरजापुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। ड्रमंडगंज क्षेत्र के देवहट ग्राम पंचायत स्थित लहुरियादह गांव में शनिवार देर शाम एडीएम नमामि गंगे संगम लाल ने जल निगम के अधिशासी अभियंता के साथ पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने हर घर जल योजना के तहत लगाए गए नल कनेक्शन, पानी की टंकी और पाइपलाइन की स्थिति परखी। इस दौरान ग्रामीणों से पानी की उपलब्धता, आपूर्ति के दबाव और गुणवत्ता के बारे में जानकारी लेकर व्यवस्था का फीडबैक भी लिया।

निरीक्षण के दौरान एडीएम ने जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े और हर घर तक पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल पहुंचे, यह जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की है।

एडीएम ने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा हर घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की है। योजना के क्रियान्वयन और आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और पेयजल व्यवस्था पर निगरानी बनाए रखने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधिकारी, एनसीसी के सहायक अभियंता प्रशांत तिवारी सहित गांव के ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story