एडीजी जोन ने परिवार संग मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया
मीरजापुर, 04 सितंबर (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी के दरबार में शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) जोन वाराणसी नवीन अरोड़ा ने शुक्रवार को परिवार के साथ दर्शन-पूजन किया। वह पुरानी वीआईपी मार्ग से विंध्यधाम पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
इसके बाद एडीजी परिवार के साथ सेफ हाउस पहुंचे, जहां कुछ देर विश्राम करने के बाद गणेश द्वार से मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान पूर्वक मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन एवं अर्चन किया। इसके बाद परिक्रमा पथ प्रांगण में स्थित हवन यज्ञशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन में आहुति दी। उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
एडीजी के दर्शन-पूजन के दौरान पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मी भी तैनात रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

