विंध्याचल में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे एडीजी, बोले- श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
- नवरात्र की पूर्व संध्या पर मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन कर तैयारियों को परखा, भीड़ के दबाव में विशिष्ट दर्शन पर भी रहेगी नजर
मीरजापुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र की पूर्व संध्या पर वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा ने मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद परिसर स्थित सेफ हाउस में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि नवरात्र मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रयास है कि मां के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को सुगम व्यवस्था मिले और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
एडीजी ने कहा कि मेले की तैयारियों में सुरक्षा के हर पहलू पर ध्यान दिया गया है। मंडलायुक्त प्रकाश कुमार और अपर पुलिस महानिरीक्षक पूनम ने सुरक्षा व्यवस्था की बारीकियों को ध्यान में रखते हुए रूपरेखा तैयार की है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, यातायात प्रबंधन, सड़कों, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा, मैं यहां सुपरवाइजर की भूमिका में हूं। हमारा प्रयास है कि तैयारियों के अनुरूप व्यवस्थाएं जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू हों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल में दर्शन का अवसर मिले।
विशिष्ट दर्शन के संबंध में एडीजी ने कहा कि विशिष्ट व्यक्तियों को उपलब्ध सुविधाओं से वंचित नहीं किया जा सकता, लेकिन आम श्रद्धालुओं की सुविधा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। भीड़ का दबाव अधिक रहने के दौरान विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि विशिष्ट दर्शन के कारण सामान्य दर्शन व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने संकेत दिया कि मेले में व्यवस्थाओं का संचालन इस तरह किया जाएगा कि सुरक्षा, सुविधा और भीड़ नियंत्रण के बीच संतुलन बना रहे।
इससे पहले त्रिशक्ति मार्ग पर मंडलायुक्त प्रकाश कुमार और एआईजी पूनम ने पुष्पगुच्छ भेंटकर एडीजी का स्वागत किया। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने भी उनका स्वागत किया। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार सहित पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

