एडीजी पियूष मोर्डिया ने मां विंध्यवासिनी धाम की सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए जरूरी निर्देश
- परिवार के साथ मां विंध्यवासिनी देवी के दरबार में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया।
मीरजापुर, 18 जून (हि.स.)। वाराणसी जोन के एडीजी पियूष मोर्डिया गुरुवार को सपरिवार विंध्याचल धाम पहुंचे, जहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी देवी के दरबार में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। दर्शन-पूजन के बाद एडीजी ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा प्रबंध और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
इसके बाद एडीजी पियूष मोर्डिया ने पक्काघाट क्षेत्र का भी भ्रमण किया और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक से विंध्याचल धाम में बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। गौरतलब है कि विंध्याचल धाम में इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग सुरक्षा एवं सुविधा व्यवस्थाओं को लेकर लगातार निगरानी बनाए हुए है, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन का लाभ मिल सके।
-------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

