मतदाता सूची में नाम जोड़ने का मौका, 17 और 24 अक्टूबर को हर बूथ पर लगेगा कैंप

WhatsApp Channel Join Now
मतदाता सूची में नाम जोड़ने का मौका, 17 और 24 अक्टूबर को हर बूथ पर लगेगा कैंप


मीरजापुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र लोगों और पहली बार मतदान के योग्य युवाओं को पंजीकरण का मौका देने के लिए जिले में 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। दोनों दिन सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार सिंह ने लोगों से अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम की जांच करने और छूटे हुए नाम दर्ज कराने की अपील की है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे लोगों के नाम शामिल करने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कैंप के दौरान बीएलओ पर्याप्त संख्या में आवेदन फार्म लेकर बूथों पर उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने कहा कि लोग अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जरूर देख लें। किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो वह फार्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकता है। आवेदन के लिए नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रति साथ लानी होगी। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र (एपिक) नंबर उपलब्ध होने पर उसे भी साथ रखें। विशेष कैंप के दिन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे और पंजीकरण संबंधी कार्यवाही की निगरानी करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760910 Articles

Share this story