अदलपुरा बड़ी शीतला धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, केसरिया रंग में रंगा घाट
- सावन के तीसरे सोमवार पर गंगा स्नान के बाद शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक, हर-हर महादेव से गूंजा क्षेत्र
मीरजापुर, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में सावन माह के तीसरे सोमवार को चुनार नगर और ग्रामीण क्षेत्र के शिवालयों व देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला माता धाम और शीतलेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही कांवड़ियों और शिवभक्तों का तांता लगा रहा। गंगा घाट पर उमड़ी भीड़ से पूरा क्षेत्र केसरिया रंग में रंगा नजर आया।
आज भोर से ही कांवड़िए और श्रद्धालु अदलपुरा बड़ी शीतला धाम घाट पर गंगा स्नान कर जल लेकर मंदिरों की ओर रवाना हुए। हाथों में कांवड़ और जुबान पर ‘बोल बम’ व ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से घाट से लेकर मंदिर परिसर तक वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
चुनार नगर के टेकौर स्थित बूढ़ेनाथ महादेव, गंगेश्वरनाथ महादेव, रामघाट स्थित महादेव, भुवालपुर के नर्मदेश्वर महादेव, लरछूट, रामगढ़, गौरैया, पचराव के प्राचीन शिव मंदिरों सहित अदलपुरा स्थित शीतलेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। ंदिर समिति के अनुसार सावन में शीतला माता की विशेष पूजा का विशेष महत्व है। इसी मान्यता के चलते चुनार क्षेत्र के अलावा वाराणसी और आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन चलता रहा और वातावरण देर तक भक्तिमय बना रहा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मी लगातार घाट और मंदिर क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्था पर नजर रखते रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

