मीरजापुर : डाकघर गबन कांड में बड़ी कार्रवाई, डाक अधीक्षक व पोस्टमास्टर हटाए गए

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : डाकघर गबन कांड में बड़ी कार्रवाई, डाक अधीक्षक व पोस्टमास्टर हटाए गए


- 48 लाख रुपये के गबन और 23 लाख रुपये की नई वित्तीय अनियमितता पर हुई कार्रवाई

मीरजापुर, 08 जुलाई (हि.स.)। कैलहट शाखा डाकघर में 48 लाख रुपये के चर्चित गबन और बाद में सामने आई 23 लाख रुपये की नई वित्तीय अनियमितता के मामले के बीच डाक विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, उत्तर प्रदेश सर्किल की ओर से जारी आदेश के तहत मीरजापुर मंडल के डाक अधीक्षक अतुल कुमार का स्थानांतरण कर दिया गया है। वहीं प्रधान डाकघर फतहां के पोस्टमास्टर ऋतुराज को भी दूसरे स्थान पर तैनात किया गया है।

मुख्य पोस्टमास्टर जनरल उत्तर प्रदेश सर्किल की ओर से बुधवार को जारी आदेश में प्रदेश के विभिन्न डाक अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इसी क्रम में मीरजापुर मंडल में भी प्रशासनिक फेरबदल किया गया। आदेश में स्थानांतरण का कारण नहीं बताया गया है, लेकिन कैलहट गबन प्रकरण के बीच हुई इस कार्रवाई को विभाग में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दरअसल, कैलहट शाखा डाकघर में पहले करीब 48 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया था। विभागीय जांच अभी चल ही रही थी कि इसी प्रकरण में करीब 23 लाख रुपये की एक और कथित वित्तीय गड़बड़ी उजागर हो गई। इसके बाद विभाग की निगरानी व्यवस्था, आंतरिक नियंत्रण और जवाबदेही पर सवाल उठने लगे थे।

फिलहाल पूरे मामले की विभागीय जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि वित्तीय अनियमितताओं की जिम्मेदारी केवल शाखा पोस्टमास्टर तक सीमित थी या निगरानी स्तर पर भी किसी की भूमिका रही। विभागीय कार्रवाई के बाद कर्मचारियों और खाताधारकों की नजर अब जांच के अंतिम निष्कर्ष और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।

यह है पूरा मामला, कैलहट डाकघर गबन कांड

नरायनपुर उप डाकघर के अंतर्गत कैलहट शाखा डाकघर में शाखा पोस्टमास्टर हरियाणा के सलीम खान पर करीब 48 लाख रुपये के कथित गबन का आरोप लगा था। जांच के बाद उन्हें निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू की गई। इसी दौरान आरोप सामने आया कि संबंधित यूजर आईडी सक्रिय रहने के कारण करीब 21.50 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट और 1.50 लाख रुपये की आरडी समेत कुल लगभग 23 लाख रुपये की एक और वित्तीय अनियमितता हुई। इस पूरे मामले में अब भी विभागीय जांच जारी है और अंतिम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story