ट्रक की टक्कर से चाचा-भतीजे की मौत, गांव में पसरा मातम

WhatsApp Channel Join Now
ट्रक की टक्कर से चाचा-भतीजे की मौत, गांव में पसरा मातम


ट्रक की टक्कर से चाचा-भतीजे की मौत, गांव में पसरा मातम


- मीरजापुर-औराई मार्ग पर सागरपुर गांव के पास हुआ हादसा, चालक ट्रक छोड़कर फरार

मीरजापुर, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में चील्ह थाना क्षेत्र के सागरपुर गांव के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की भदोही के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

सागरपुर निवासी सुनील यादव (30) अपने पांच वर्षीय भतीजे अंकित के साथ मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे गांव की एक दुकान से अंडा खाकर घर लौट रहे थे। मीरजापुर-औराई मार्ग पर गांव के पास पहुंचते ही औराई की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर टेढ़वा चौकी प्रभारी अरविंद गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को भदोही के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया गया कि सुनील तीन भाइयों में सबसे छोटे थे, जबकि अंकित अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। चाचा-भतीजे की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

चौकी प्रभारी अरविंद गुप्ता ने बताया कि ट्रक की टक्कर से दोनों घायल हुए थे। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। ट्रक को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story