बाइक और ट्रैक्टर की टक्कर में युवक की मौत, एक गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
बाइक और ट्रैक्टर की टक्कर में युवक की मौत, एक गंभीर


बाइक और ट्रैक्टर की टक्कर में युवक की मौत, एक गंभीर


मीरजापुर, 24 मई (हि.स.)। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ड्रमंडगंज-हलिया मार्ग स्थित गलरा गांव के पास रविवार रात बाइक और ट्रैक्टर की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

गलरा गांव निवासी 25 वर्षीय रविशंकर अपने साथी 24 वर्षीय राजू के साथ बाइक से प्रयागराज जनपद के कोरांव गए थे। रात करीब नौ बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे गलरा गांव मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसआई टीपी सिंह, अंसार अहमद और मनोज कुमार राय ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया भेजा। वहां चिकित्सक डॉ. विमल सिंह ने राजू को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक चालक रविशंकर की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

बताया गया कि मृतक राजू दो भाइयों में छोटा था और अविवाहित था। वह क्षेत्र के रतेह गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर अपने साथी रविशंकर के साथ सेल्समैन का काम करता था।

थाना प्रभारी भारत सुमन ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story