वाहन की टक्कर से युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
वाहन की टक्कर से युवक की मौत


मीरजापुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। लालगंज–हलिया मार्ग पर शुक्रवार की रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। लालापुर गांव के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मध्य प्रदेश निवासी 19 वर्षीय रज्जन कोल रजई गांव से किसी कार्य से लालगंज की ओर जा रहा था। रात करीब सात बजे जैसे ही वह लालापुर गांव के पास पहुंचा, पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी लालगंज पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

थाना प्रभारी अभय कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story