वाराणसी के मोढ़ैला तिराहे पर युवक का शव मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी के मोढ़ैला तिराहे पर युवक का शव मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


— कमिश्नर आवास के बाहर शव रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

वाराणसी, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के लोहता थाना क्षेत्र स्थित मोढ़ैला तिराहे के पास रविवार को करीब 40 वर्षीय युवक का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कोल्हुआ विनायका, भेलूपुर निवासी सतीश कुमार (40) पुत्र स्व. राधेश्याम के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव की स्थिति देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।

मृतक के भाई शैलेन्द्र ने लोहता थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके बड़े भाई का शव सड़क किनारे पड़ा था और सिर से लगातार खून बह रहा था। परिजनों का आरोप है कि सतीश की हत्या करने के बाद शव को सड़क किनारे फेंका गया है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर वाराणसी परिक्षेत्र के कमिश्नर एस. राजलिंगम के आवास के बाहर पहुंच गए और प्रदर्शन करने लगे। इसकी जानकारी मिलते ही एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा, एसीपी कैंट प्रज्ञा पाठक के साथ लोहता और कैंट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और अंतिम संस्कार के लिए शव को वहां से भिजवाया। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि सतीश की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंका गया है।

वहीं, पुलिस के अनुसार प्रारंभिक सूचना किसी वाहन की टक्कर से दुर्घटना होने की थी। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिनके फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।

लोहता थाना प्रभारी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच के आधार पर दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story