ओवरब्रिज पर डिवाइडर से टकराई बाइक, मध्यप्रदेश के दो युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
ओवरब्रिज पर डिवाइडर से टकराई बाइक, मध्यप्रदेश के दो युवकों की मौत


मीरजापुर, 15 जुलाई (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के तुलसी गांव स्थित वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग-135 के ओवरब्रिज पर बुधवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। घायल महिला का मंडलीय अस्पताल में उपचार चल रहा है।

थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि, मध्यप्रदेश के मऊगंज निवासी सुशील साकेत (30) और संजय चतुर्वेदी (31) इंदौर निवासी रुपाली (28) पत्नी संजू के साथ एक ही बाइक से वाराणसी से मध्यप्रदेश लौट रहे थे। तुलसी गांव के पास ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा, लेकिन तब तक सुशील साकेत और संजय चतुर्वेदी की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल रुपाली को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा बाइक के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के कारण हुआ प्रतीत होता है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story