मीरजापुर : दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत


- राजगढ़-घोरावल मार्ग पर दर्दनाक हादसा

मीरजापुर, 15 जून (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के नदिहार गांव के समीप सोमवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राजगढ़-घोरावल मार्ग पर शाम करीब सात बजे तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ ले जाया गया, जहां डॉ. सर्वेश कुमार पांडेय ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कराई। मृतकों में एक की पहचान मंगल (40) पुत्र निवासी कुड़ी गांव, थाना राजगढ़ के रूप में हुई।

वहीं दूसरे युवक की पहचान बाद में राजेश्वर (37) निवासी फुटदड़वा, चितरंगी, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई।

बताया गया कि वह मड़िहान थाना क्षेत्र के जमुई गांव में रहकर मजदूरी करता था और सोमवार को अपने घर से जमुई लौट रहा था। इसी दौरान नदिहार गांव के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि नदिहार गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मृत्यु हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story