मैजिक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

WhatsApp Channel Join Now
मैजिक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत, परिवारों में मचा कोहराम


मीरजापुर, 02 जून (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र के हलिया-देवरी मार्ग पर मंगलवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बाइक मैजिक वाहन में जा फंसी। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार सोनगढ़ा गांव निवासी मोनू कोल (25) अपने रिश्तेदार सुनील (27) निवासी कवलझर गांव को बाइक पर बैठाकर बड़ौहा गांव स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे। शाम के समय जैसे ही उनकी बाइक मुड़पेली गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची, सामने से आ रहे मैजिक वाहन से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर सिंह ने भी घटनास्थल पहुंचकर जांच-पड़ताल की। ग्रामीणों के अनुसार हादसे के समय दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने थे। दुर्घटना के बाद मृतकों के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक मोनू कोल अपने पीछे पत्नी सुनीता और एक पुत्री को छोड़ गया है। वहीं सुनील की पत्नी ऋषु और दो छोटे बेटे हैं। परिजनों ने बताया कि सुनील के घर महज दस दिन पहले ही बेटे का जन्म हुआ था। अचानक हुई इस घटना से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मैजिक वाहन और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story