करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत
शाहजहांपुर, 3 सितंबर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के कांट थाना क्षेत्र में गुरुवार को खेत में करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत हो गई।
कांट थाना क्षेत्र के इंदेपुर गांव निवासी श्यामाचरण (65) का गांव से कुछ दूर खेत है। उन्होंने फसल को आवारा पशुओं से बचाने के लिए खेत में तार लगा रखी है। जबकि झटका मशीन को उन्होंने घर पर रखा था। गुरुवार सुबह वह घर से तार लेकर खेत में लगे तारों से जोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान तार में करंट उतरने से वह उसकी चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।
कुछ देर बाद श्यामाचरण का पुत्र सुमित (22) खेत पर पहुंचा। पिता को करंट की चपेट में पड़ा देखकर उसने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। बाद में खेतों पर पहुंचे ग्रामीणों ने पिता-पुत्र के शव पड़े देखे और पुलिस तथा परिजनों को सूचना दी। दोनों शवों को घर लाया गया।
कांट थाना के प्रभारी निरीक्षक राकेश तोमर ने बताया कि पिता-पुत्र की करंट लगने से मौत हुई है। परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

