बेकाबू ट्रक घर के बाहर सो रहे लोगों पर चढ़ा, तीन की मौत

WhatsApp Channel Join Now
बेकाबू ट्रक घर के बाहर सो रहे लोगों पर चढ़ा, तीन की मौत


- दो घायल, रात तीन बजे हुए हादसे से कुदारन गांव में मचा कोहराम

मीरजापुर, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में अहरौरा थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर स्थित कुदारन गांव में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में घर के बाहर सो रहे तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब तीन बजे वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे घर के बाहर सो रहे लोगों पर चढ़ गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही राजा राजभर (42), उनकी मां सुखिया देवी (75) तथा चंद्रतारा देवी (55) पत्नी सीताराम राजभर की मौत हो गई।

हादसे में सुहानी राजभर (14) और सुनील शर्मा (37) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही अहरौरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मिश्र ने बताया कि अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे सो रहे लोगों पर चढ़ गया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और दो घायल हुए हैं। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story