राखड़ लदा हाइवा ऑटो पर पलटा, तीन की मौत; तीन गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
राखड़ लदा हाइवा ऑटो पर पलटा, तीन की मौत; तीन गंभीर


- सिकिया तिराहे पर रात नौ बजे हुआ भीषण हादसा, क्रेन और बैकहो लोडर से निकाले गए दबे लोग; चालक फरार

मीरजापुर, 28 नवंबर (हि.स.)। अदलहाट क्षेत्र के सिकिया तिराहे पर शनिवार की रात राखड़ लदा तेज रफ्तार हाइवा सवारियों से भरे ऑटो पर पलट गया। भारी वाहन के नीचे ऑटो दबने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने क्रेन और बैकहो लोडर की मदद से ऑटो में दबे लोगों को बाहर निकलवाया। घायलों को वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया है।

सोनभद्र से राखड़ लादकर हाइवा वाराणसी की ओर जा रहा था। सिकिया तिराहे के मोड़ पर ऑटो चालक सवारियां बैठाने के लिए रुका था। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर सीधे ऑटो पर पलट गया। ऑटो में सवार छह लोग भारी वाहन के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन और बैकहो लोडर मंगवाकर हाइवा को हटवाया और सभी लोगों को बाहर निकलवाया। इनमें तीन की मौत हो चुकी थी, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल थे। मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

हादसे के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के चलते मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब दस किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई। मौके पर एएसपी आपरेशन राजकुमार मीणा, एसडीएम चुनार अनेग सिंह, सीओ चुनार गायत्री यादव और अदलहाट पुलिस मौजूद रही। पुलिस हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई में जुटी रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785065 Articles

Share this story