पिकअप की टक्कर से किशोर की मौत, साथी गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
पिकअप की टक्कर से किशोर की मौत, साथी गंभीर


मीरजापुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के कोठिलवा गांव के पास अज्ञात पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

शहर कोतवाली क्षेत्र के मलईबारी तरकापुर निवासी 17 वर्षीय मोहित बिंद पुत्र नन्हेलाल अपने गांव के ही आकाश बिंद पुत्र राजेश बिंद के साथ रामपुर शक्तेशगढ़ स्थित रिश्तेदारी में जा रहा था। जैसे ही दोनों कोठिलवा गांव के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी।

हादसे में मोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुनार भेजा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतक के पिता नन्हेलाल ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मोहित तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। पिता वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story