छुट्टी पर गांव आए जवान की सड़क हादसे में मौत, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

WhatsApp Channel Join Now
छुट्टी पर गांव आए जवान की सड़क हादसे में मौत, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार


औरैया, 25 मई (हि. स.)। छुट्टी पर उप्र के औरैया जनपद स्थित अपने गांव आए भारतीय सेना में तैनात जवान कृष्ण रावत की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा और सेना के जवानों ने सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी।

कृष्ण रावत पुत्र राजेंद्र रावत, सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रौतियापुर के पास रविवार को मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज होने से पहले ही मृत्यु हो गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जब उनका शव घर पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

मृतक के बड़े भाई मिथुन ने बताया कि कृष्ण की शादी तीन वर्ष पूर्व काजल के साथ हुई थी। अभी उनकी कोई संतान नहीं थी। कृष्ण रावत वर्ष 2017 से भारतीय सेना में कार्यरत थे। वर्तमान में वह 13 आर्म्ड रेजिमेंट एवं 27 राष्ट्रीय राइफल्स के साथ लद्दाख में तैनात थे। वह सात मई को एक माह की छुट्टी पर घर आए थे।इसी दौरान यह दुर्घटना हो गयी।

सोमवार को सिकरोड़ी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान 326 लाइट आर्मी एयर डिफेंस रेजिमेंट संयुक्त कानपुर से पहुंचे सैन्य अधिकारियों एवं जवानों ने सलामी देकर अपने साथी को अंतिम विदाई दी।

अंतिम संस्कार में सूबेदार एन.सी. लोचन, हवलदार राकेश सिंह, हवलदार एस. मांझी, नायक अढ़ाव सूरज, लांस नायक नितिन चौधरी तथा सीएफएन सतेंद्र सिंह सहित अन्य जवान मौजूद रहे। वहीं कोतवाली प्रभारी ललितेश नारायण त्रिपाठी पुलिस बल के साथ उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में जिला पंचायत सदस्य सोनू सेंगर, ग्राम प्रधान शेरू सिंह समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और ग्रामीण शामिल रहे। जवान की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story