बोलेरो की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत, चालक फरार
मीरजापुर, 17 मई (हि.स.)। अदलहाट थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर गरौड़ी चौराहे के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से स्कूटी सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
गरौड़ी गांव निवासी कन्हैया लाल सेठ रविवार सुबह करीब 6:30 बजे नैठी पेट्रोल पंप से पेट्रोल लेकर स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वाराणसी की ओर से अहरौरा जा रही तेज रफ्तार बोलेरो ने पीछे से उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन घायल अवस्था में उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर वाराणसी ले गए, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी अजय सेठ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार बोलेरो चालक की तलाश के साथ मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

