ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी बाइक, चालक की मौत, साथी गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी बाइक, चालक की मौत, साथी गंभीर


मीरजापुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। हलिया-लालगंज मार्ग पर मवई कला (मझियार) चौराहे के पास बुधवार शाम ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके से गुजर रहे क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया पहुंचवाया। वहां चिकित्सक ने चालक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल को मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

लालगंज थाना क्षेत्र के बनवारी गांव निवासी दिनेश (40) बाइक से दिघुली गांव निवासी चंद्रमणि (58) के साथ लौट रहे थे। मवई कला गांव के पास उनकी बाइक सामने से आ रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे सीओ लालगंज अमर बहादुर की नजर घायलों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल एंबुलेंस बुलवाकर दोनों को अस्पताल भिजवाया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक विमल कुमार ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया। चंद्रमणि की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मंडलीय चिकित्सालय भेजा गया। हादसे की सूचना मिलते ही दिनेश के परिवार में कोहराम मच गया। उनके दो पुत्र और एक पुत्री हैं।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे में बाइक चालक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई करते हुए मामले की जांच की जा रही है। टक्कर में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768542 Articles

Share this story