स्कार्पियो की टक्कर से पलटा ट्रैक्टर, इकलौते बेटे की मौत, चचेरा भाई गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
स्कार्पियो की टक्कर से पलटा ट्रैक्टर, इकलौते बेटे की मौत, चचेरा भाई गंभीर


मीरजापुर, 18 जून (हि.स.)। वाराणसी-रीवा हाईवे पर गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पिता का इकलौता पुत्र था, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, लालगंज थाना क्षेत्र के बामी गांव निवासी ओमचंद तिवारी (26) अपने चचेरे भाई जयप्रकाश तिवारी (27) के साथ ट्रैक्टर की सर्विसिंग कराकर लालगंज से घर लौट रहे थे। जब वे वाराणसी-रीवा हाईवे पर सेमरा प्रताप गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार स्कार्पियो ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीचे उतर गया और पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा दो हिस्सों में बंट गया।

दुर्घटना में ओमचंद तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जयप्रकाश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने ओमचंद को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल जयप्रकाश का प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मीरजापुर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

ओमचंद की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बताया गया कि उनकी शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी। परिवार में पत्नी और डेढ़ वर्षीय बेटी है। पिता के इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story