दवा लेकर लौट रहे मरीजों से भरी ऑटो खाई में पलटी, एक की मौत, कई घायल
मीरजापुर, 06 जून (हि.स.)। राजगढ़-चुनार मार्ग पर शनिवार शाम एक सड़क हादसे में दवा लेकर घर लौट रहे लोगों से भरी ऑटो अनियंत्रित होकर लगभग 10 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अहरौरा थाना क्षेत्र के बरही गांव निवासी हनुमान का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में चल रहा था। शनिवार को वह गांव के अन्य लोगों के साथ ऑटो से दवा लेने सीएचसी राजगढ़ पहुंचे थे। दवा लेने के बाद सभी लोग वापस अपने घर लौट रहे थे।
बताया जाता है कि हिनौता गांव के पास राजगढ़-चुनार मार्ग के मोड़ पर पहुंचते ही ऑटो अचानक अनियंत्रित हो गया। ऑटो चालक वीरेंद्र के अनुसार पीछे से आ रहे किसी वाहन ने साइड मार दी, जिससे ऑटो सड़क किनारे लगभग 10 फीट गहरी खाई में जा पलटा। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने 47 वर्षीय बल्लू निवासी बरही को मृत घोषित कर दिया। वहीं ऑटो चालक वीरेंद्र, हनुमान, मुन्नी, अमरावती तथा अन्य घायल यात्रियों का उपचार किया गया।
चिकित्सकों ने अमरावती, अमरनाथ और चालक वीरेंद्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सोनभद्र रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। राजगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि ऑटो दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

