बारात में शामिल होकर लौट रहे युवक की नहर में गिरकर मौत

WhatsApp Channel Join Now
बारात में शामिल होकर लौट रहे युवक की नहर में गिरकर मौत


मीरजापुर, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में खुशियों के माहौल में शामिल होने निकले एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के सेमरा कलां गांव के पास रविवार रात बाइक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई, जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद शव पूरी रात नहर में पड़ा रहा और सोमवार सुबह ग्रामीणों की नजर पड़ने पर घटना का खुलासा हुआ।

संतनगर थाना क्षेत्र के रामपुर बोदा गांव निवासी 33 वर्षीय सुनील कुमार रिश्तेदारी में अमदह गांव आई एक बरात में शामिल होने पहुंचे थे। बरात की रस्मों में शामिल होने के बाद वह अपने भाई की ससुराल, लालगंज क्षेत्र के मानिकपुर गांव में आई दूसरी बरात में शामिल होने के लिए रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे बाइक से रवाना हुए।

बताया जाता है कि अमदह गांव से लगभग दो किलोमीटर आगे सेमरा कलां गांव के पास सड़क के मोड़ पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे नहर में जा गिरी। हादसे में गंभीर चोट लगने से सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। रात होने के कारण किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी।

सोमवार सुबह शौच के लिए नहर की ओर गए ग्रामीणों ने नहर में बाइक और युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के साले रविशंकर ने बताया कि सुनील कुमार पहले अमदह गांव में बरात में शामिल हुए थे और वहां से दूसरी बरात में जाने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।

थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होकर नहर में गिर जाने से युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story