दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में युवक की मौत


मीरजापुर, 30 अगस्त (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के धौरहा गांव के पास शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल युवक की रविवार दोपहर वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।

धनावल गांव निवासी 35 वर्षीय सरविंद खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। शनिवार को वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। धौरहा गांव के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में सरविंद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक को मामूली चोटें आईं और वह मौके से चला गया।

ग्रामीणों ने घायल सरविंद को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहां रविवार दोपहर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के बड़े भाई अरविंद ने बताया कि सरविंद दो भाइयों में छोटा था। उसके परिवार में पत्नी किरन के अलावा पांच वर्षीय और डेढ़ वर्षीय दो मासूम बेटे हैं। शव घर पहुंचते ही बच्चों और परिजन की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

राजगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक बाल मुकुंद मिश्र ने घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story