इटखुदा मुगल रोड पर दो मोटरसाइकिल की भीषण भिड़ंत में तीन की मौत

WhatsApp Channel Join Now

कानपुर देहात, 28 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर देहात में सिकंदरा थाना क्षेत्र के इटखुदा मुगल रोड पर शुक्रवार दोपहर दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना में एक मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसा दोपहर करीब एक बजे इटखुदा मुगल रोड के पास हुआ। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में 108 और 102 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को उपचार के लिए राजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं हादसे में जान गंवाने वालों में एक की पहचान फफूंद, औरैया निवासी शिवम पुत्र दिनेश के रूप में बताई गई है। अन्य मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया पुलिस की ओर से की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी

Share this story