ट्रैक्टर-बाइक भिड़ंत में होमगार्ड की मौत

WhatsApp Channel Join Now
ट्रैक्टर-बाइक भिड़ंत में होमगार्ड की मौत


ट्रैक्टर-बाइक भिड़ंत में होमगार्ड की मौत


मीरजापुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र के हलिया-लालगंज मार्ग पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई। ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल जवान ने ट्रामा सेंटर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के टोकवा गांव निवासी 40 वर्षीय होमगार्ड जवान हिमांशु सिंह हलिया थाने में ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान किसी कार्य से जाते समय जैसे ही वह बरी गांव के पास सरदार पटेल प्रतिमा के समीप पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में हिमांशु सिंह सड़क पर गिरकर अचेत हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सिर में गंभीर चोट को देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। एंबुलेंस से ले जाते समय लालगंज के पास रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही होमगार्ड विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। कंपनी कमांडर रामनिहोर ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी रस्मी सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया गया कि मृतक के परिवार में एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story