विद्यालय की चहारदीवारी गिरने से मजदूर की दबकर मौत, जिलाधिकारी ने दिए जांच के आदेश

WhatsApp Channel Join Now
विद्यालय की चहारदीवारी गिरने से मजदूर की दबकर मौत, जिलाधिकारी ने दिए जांच के आदेश


विद्यालय की चहारदीवारी गिरने से मजदूर की दबकर मौत, जिलाधिकारी ने दिए जांच के आदेश


सुलतानपुर, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के दोस्तपुर थाना क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय बनपुरवा के स्कूल की जर्जर चहारदीवारी गिरने से दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। दो अन्य मजदूर घायल हो गए। मृतक की पहचान कटघरापट्टी निवासी हरिराम उर्फ समारू पुत्र शिवदास के रूप में हुई है।

मृतक हरिराम उर्फ समारू का घर विद्यालय की चहारदीवारी से सटा हुआ था। उन्होंने अपने घर में मिट्टी डलवाने के लिए पहले स्कूल की चहारदीवारी के किनारे मिट्टी गिरवाई थी। जेसीबी से अधिकांश मिट्टी घर में भरवाने के बाद, हरिराम बची हुई मिट्टी चहारदीवारी के किनारे से हटा रहे थे। इसी दौरान जर्जर दीवार अचानक ढह गई और वह उसके मलबे में दब गए। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम मंजुल मयंक मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शिवकुमार मौर्य ने बताया कि विद्यालय की जर्जर चहारदीवारी के संबंध में अधिकारियों को काफी पहले लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रधान पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूल की दीवार लंबे समय से जर्जर थी। हमेशा हादसे का खतरा बना रहता था। मृतक हरिराम मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पीछे 15 वर्षीय जुड़वा बेटे रामू और श्यामू, विवाहित बेटियां पूजा (26) और रूपा (19), तथा अविवाहित बेटी रूमा (15) है।

जिलाधिकारी इंद्रजीत ने मंगलवार को इस मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा, दीवार किन परिस्थितियों में गिरी, इसकी विस्तृत जांच की जाएगी। यदि जांच में निर्माण कार्य या सुरक्षा मानकों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कमी पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हादसे में स्कूल के किसी भी बच्चे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और सभी बच्चे सुरक्षित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

Share this story