वाराणसी में दर्दनाक हादसा : तालाब में गिरी मकान की दीवार, मलबे में दबकर दो मासूम बच्चियों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में दर्दनाक हादसा : तालाब में गिरी मकान की दीवार, मलबे में दबकर दो मासूम बच्चियों की मौत


—एनडीआरएफ ने करीब आठ घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बरामद किए दोनों बच्चियों के शव, माता-पिता भी घायल

वाराणसी, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छांव में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब किनारे बने एक मकान की दीवार अचानक ढहकर तालाब में गिर गयी। हादसे के दौरान मकान में सो रहा परिवार मलबे में दब गया। इस घटना में दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता घायल हो गए। करीब आठ घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बुधवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने दोनों बच्चियों के शव बरामद किए।

जानकारी के अनुसार, सिराजुद्दीन का बच्छांव तालाब के किनारे चार कमरों का मकान है। मकान के अगले हिस्से में टिनशेड भी लगा हुआ है। इसी हिस्से में सिराजुद्दीन का बेटा अजरुद्दीन अपनी पत्नी तबस्सुम, दो बेटियों आफिया (6) और फलक (4), एक अन्य बेटी रोशनी तथा एक बेटे के साथ रहता था। मंगलवार देर रात अचानक मकान की दीवार भरभराकर तालाब में गिर गई। दीवार के साथ मकान का मलबा भी तालाब में समा गया और पानी घर के अंदर भरने लगा। हादसे के समय पूरा परिवार मलबे की चपेट में आ गया। इस दौरान अजरुद्दीन और उसकी पत्नी तबस्सुम अपने बेटे तथा बेटी रोशनी के साथ किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे लेकिन आफिया और फलक मलबे में दबकर तालाब में समा गईं।

हादसे के बाद परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने बच्चियों की तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची। अखरी पुलिस चौकी प्रभारी धर्मेंद्र राजपूत ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू कराया लेकिन सफलता नहीं मिलने पर एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। इसके बाद एनडीआरएफ के जवानों ने स्थानीय लोगों और पुलिस के सहयोग से रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। करीब आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार सुबह लगभग आठ बजे दोनों बच्चियों के शव बरामद कर लिए गए।

इस संबंध में रोहनिया के एसीपी अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि मकान की दीवार गिरने से मलबे में दबकर दो बच्चियों की मौत हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ को भी बुलाया गया। दोनों बच्चियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775144 Articles

Share this story