मंडी जा रहे व्यापारी को बाइक ने मारी टक्कर, तीन दिन बाद मौत

WhatsApp Channel Join Now
मंडी जा रहे व्यापारी को बाइक ने मारी टक्कर, तीन दिन बाद मौत


मीरजापुर, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में राजगढ़ थाना क्षेत्र के नदिहार गांव में सड़क हादसे में घायल सब्जी व्यापारी की तीन दिन बाद सोमवार सुबह इलाज के दौरान वाराणसी ट्रामा सेंटर में मौत हो गई। घटना से परिजन में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

नदिहार गांव निवासी 50 वर्षीय सर्वजीत धनासिरिया सब्जी मंडी में आलू का कारोबार करते थे। बीते 30 अप्रैल की सुबह वह रोज की तरह दुकान खोलने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां तीन दिन तक चले इलाज के बाद सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई।

मूल रूप से चुनार थाना क्षेत्र के रैपुरिया गांव निवासी सर्वजीत पिछले करीब 15 वर्षों से नदिहार गांव में परिवार के साथ रहकर सब्जी मंडी में दुकान चलाते थे। उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं, सभी अविवाहित हैं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

थाना निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत की सूचना मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story