आम आदमी पार्टी में संगठन विस्तार, नूर सिद्दीकी बने अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव

WhatsApp Channel Join Now
आम आदमी पार्टी में संगठन विस्तार, नूर सिद्दीकी बने अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव


लखनऊ, 15 अप्रैल (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा)के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह की स्वीकृति से संगठन विस्तार अभियान के तहत उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शकील मलिक ने बुधवार को नूर सिद्दीकी को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है। पार्टी नेतृत्व ने इस नियुक्ति को संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शकील मलिक ने कहा कि पार्टी लगातार उत्तर प्रदेश में अपने संगठन को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी की नीति रही है कि समर्पित, ईमानदार और जुझारू कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित जिम्मेदारी दी जाए, ताकि वे जनता के बीच पार्टी की नीतियों और विचारधारा को मजबूती से पहुंचा सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि नूर सिद्दीकी अपने अनुभव और सक्रियता से संगठन को नई दिशा देंगे।

शकील मलिक ने आगे कहा कि नूर सिद्दीकी लंबे समय से पार्टी के प्रति समर्पित रहे हैं और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। उनकी नियुक्ति से प्रदेश में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ को मजबूती मिलेगी और पार्टी की पहुंच समाज के हर वर्ग तक और अधिक प्रभावी तरीके से बनेगी।

नवनियुक्त प्रदेश महासचिव नूर सिद्दीकी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश के कोने-कोने में जाकर अल्पसंख्यक समाज की समस्याओं को उठाएंगे और पार्टी की जनहितकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाना और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि संगठन विस्तार का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न प्रकोष्ठों और इकाइयों में नई नियुक्तियां कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे एकजुट होकर संगठन को मजबूत करें और प्रदेश में वैकल्पिक राजनीति को स्थापित करने के लिए पूरी ताकत से कार्य करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story