शिक्षकों की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी शिक्षक प्रकोष्ठ ने डीआईओएस को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षकों की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी शिक्षक प्रकोष्ठ ने डीआईओएस को सौंपा ज्ञापन


लखनऊ, 13 अक्टूबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के शिक्षक प्रकोष्ठ ने लखनऊ के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) से मुलाकात कर चार प्रमुख मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने समस्याओं के समाधान में देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित पटल सहायकों की जवाबदेही तय करने की मांग की।

महेंद्र सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना में शामिल पात्र शिक्षकों के राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) में जमा कर्मचारी और नियोक्ता अंश की धनराशि ब्याज सहित सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) में समायोजित की जाए। चयन और प्रोन्नत वेतनमान की प्रक्रिया मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन की जाए, ताकि शिक्षकों को अपनी पत्रावलियों के निस्तारण के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने रविवार को होने वाली परीक्षाओं में ड्यूटी से विशेष परिस्थितियों वाले शिक्षकों को नियमानुसार राहत देने की भी मांग की। वृद्ध और बीमार माता-पिता की देखभाल करने वाले तथा गंभीर पारिवारिक परिस्थितियों से जूझ रहे शिक्षकों की ड्यूटी यथासंभव उनके मूल विद्यालय या निवास के निकट लगाने का आग्रह किया।

शिक्षक प्रकोष्ठ ने आयकर विवरणों में स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) से जुड़ी विसंगतियां दूर करने की मांग भी उठाई। महेंद्र सिंह ने कहा कि फॉर्म-16 और 26एएस/एआईएस में दर्ज कर कटौती के विवरण का मिलान कर त्रुटियां सुधारी जाएं और सही जानकारी संबंधित पोर्टल पर अद्यतन की जाए, जिससे शिक्षकों को अनावश्यक कर मांग और आयकर नोटिस का सामना न करना पड़े।

महेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षकों को उनके वैध सेवा लाभों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ें और पत्रावलियां लंबित रहें, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने डीआईओएस से संबंधित पटल सहायकों को लिखित निर्देश जारी करने, लंबित मामलों की सूची तैयार कर उनके निस्तारण की समयसीमा तय करने तथा जिला स्तर से बाहर के मामलों को सक्षम अधिकारियों के पास तत्काल भेजने की मांग की।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों को केवल आश्वासन देने के बजाय ठोस कार्रवाई की जरूरत है। आआपा शिक्षक प्रकोष्ठ शिक्षकों के सम्मान, सेवा अधिकारों और न्यायोचित मांगों के लिए संघर्ष जारी रखेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760346 Articles

Share this story