वन विभाग ने आम भंडारा अभियान में बांटे पौधे, 'एक पेड़ मां के नाम' लगाने का आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
वन विभाग ने आम भंडारा अभियान में बांटे पौधे, 'एक पेड़ मां के नाम' लगाने का आह्वान


मीरजापुर, 07 जुलाई (हि.स.)। आम भंडारा–आम बहार आपके द्वारा' अभियान के तहत मंगलवार को कोन ब्लॉक स्थित चील्ह नर्सरी पौधशाला में वन विभाग ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान लोगों को निःशुल्क पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया।

वन क्षेत्राधिकारी सत्य प्रकाश वर्मा ने बताया कि शासन के निर्देश पर जनपद के सभी विकास खंडों में 'आम भंडारा, आम बहार आपके द्वारा' कार्यक्रम के तहत पौध वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण से बचाव के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण जरूरी है।

कार्यक्रम में वन दरोगा कपूर चंद और राहुल यादव ने लोगों को नीम, पीपल, बरगद, आम, आंवला और सागौन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे निःशुल्क वितरित किए। उन्होंने लोगों से घर, खेत, विद्यालय और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, शिक्षक और युवाओं ने भाग लिया तथा 'एक पेड़ मां के नाम' लगाने का संकल्प लिया। वन विभाग ने बताया कि अभियान के तहत पूरे जनपद में पौध वितरण के साथ लगाए गए पौधों की निगरानी भी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story