प्रदेश में 186172.22 लाख रुपये लागत की 33 पेयजल परियोजनाएं अनुमोदित

WhatsApp Channel Join Now

--अनुमोदित परियोजनाओं के माध्यम से दिए जाएंगे 2,87,801 गृह संयोजन

लखनऊ, 06 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी.गोयल की अध्यक्षता में मंगलवार को अमृत 2.0 योजनान्तर्गत 16वीं राज्य स्तरीय उच्चाधिकार संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल 186172.22 लाख रुपये की अनुमानित लागत वाली 33 पेयजल परियोजनाओं को अनुमोदन प्रदान किया गया।

इनमें ट्रेंच-1 की 42749.09 लाख रुपये अनुमानित लागत वाली 05 परियोजनाएं, ट्रेंच-2 की 62329.37 लाख रुपये अनुमानित लागत वाली 11 परियोजनाएं तथा ट्रेंच-3 की 81093.76 लाख रुपये अनुमानित लागत वाली 17 परियोजनाएं शामिल हैं। इन अनुमोदित परियोजनाओं के माध्यम से 2,87,801 गृह संयोजन प्रदान करने हेतु नए नलकूपों का निर्माण, रिबोर नलकूपों का कार्य, पूर्व निर्मित उच्च जलाशयों की मरम्मत, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, पंप हाउस तथा संबंधित कार्य कराए जाएंगे।

यह परियोजनाएं राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता को बढ़ाने तथा जनता की सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी। बैठक में प्रमुख सचिव नगर विकास पी.गुरुप्रसाद, सचिव नगर विकास अनुज कुमार झा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story