चालान के बोझ से मिलेगी राहत, 28 नवंबर को विशेष लोक अदालत में होगा लंबित मामलों का निस्तारण

WhatsApp Channel Join Now
चालान के बोझ से मिलेगी राहत, 28 नवंबर को विशेष लोक अदालत में होगा लंबित मामलों का निस्तारण


फर्रुखाबाद, 24 नवंबर (हि.स.)।

यातायात नियमों के उल्लंघन में चालान होने के बाद न्यायालय में लंबित मामलों के निस्तारण के लिए 28 नवंबर को विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी। जनपद न्यायालय परिसर में शनिवार को सुबह 10 बजे से लगने वाली इस अदालत में मोटर वाहन अधिनियम के तहत लंबित चालानों का आपसी सहमति के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। इससे लंबे समय से चालान संबंधी मामलों के निपटारे की प्रतीक्षा कर रहे वाहन चालकों को राहत मिलेगी।

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नीरज कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत को लेकर मंगलवार को जागरूकता अभियान शुरू किया गया। जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक भ्रमण कर लोगों को विशेष लोक अदालत की तिथि, समय और स्थान की जानकारी देगा, ताकि अधिक से अधिक वाहन चालक इस अवसर का लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम अभिनीतम उपाध्याय, विशेष न्यायाधीश शैलेन्द्र सचान, अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय कुमार षष्ठम तथा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव बिंदिया भटनागर सहित अन्य न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव बिंदिया भटनागर ने बताया कि जनपद न्यायालयों में यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित बड़ी संख्या में चालानों के मामले लंबित हैं। विशेष लोक अदालत में छोटे अपराधों से जुड़े ऐसे मामलों को आपसी सहमति के आधार पर निस्तारित किया जाएगा। संबंधित वाहन चालक न्यायालय द्वारा निर्धारित शमन शुल्क जमा कर अपने लंबित मामले का निस्तारण करा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निस्तारण होने से वाहन चालकों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया और बार-बार न्यायालय के चक्कर लगाने की परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही समय और धन की बचत होगी तथा लोगों को त्वरित एवं सुलभ न्याय मिल सकेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि, वे 28 नवंबर को जनपद न्यायालय परिसर में आयोजित विशेष लोक अदालत में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782531 Articles

Share this story