मीरजापुरः बैंक हड़ताल से 2500 करोड़ का कारोबार प्रभावित, कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुरः बैंक हड़ताल से 2500 करोड़ का कारोबार प्रभावित, कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन


मीरजापुर, 11 सितंबर (हि.स.)। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को जिलेभर के बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल में हिस्सा लिया। डंकीनगंज स्थित इंडियन बैंक शाखा के सामने कर्मचारियों ने केंद्र सरकार और वित्त मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। हड़ताल के चलते जिले में करीब 2500 करोड़ रुपये का क्लियरिंग, जमा और निकासी संबंधी बैंकिंग कार्य प्रभावित रहा।

यूएफबीयू के जिला संयोजक सुरेश पांडेय ने कहा कि बैंक कर्मचारियों की जायज मांगों पर सहमति बनने के बावजूद उन्हें लागू नहीं किया जा रहा है। उन्होंने पीएलआई योजना में भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि बैंक कर्मी इसे स्वीकार नहीं करेंगे। चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो 28, 29 और 30 सितंबर को देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

हड़ताल में इंडियन बैंक, यूको बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, केनरा बैंक, यूनियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूपी ग्रामीण बैंक, एसबीआई, आईडीबीआई समेत विभिन्न सरकारी और निजी बैंकों के कर्मचारियों ने भाग लिया। कई शाखाएं बंद रहीं। कर्मचारियों ने मोटरसाइकिल रैली निकालकर विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण भी किया।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, पीएलआई योजना में भेदभाव समाप्त करने, लंबित मुद्दों का शीघ्र समाधान करने और द्विपक्षीय वार्ता के माध्यम से योजना में संशोधन करने की मांग शामिल रही। सभा को संजीव कुमार पांडेय, मनोज कुमार यादव, केके तिवारी, संजय कुमार दुबे और वीरेंद्र कुमार सिंह ने संबोधित किया। प्रदर्शन में करीब 150 कर्मचारी और अधिकारी शामिल रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story